नयी दिल्ली , जून 29 -- केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने सोमवार को 'आयुष्मान सारथी' प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (पीएम-जेएवाई व्हाट्सऐप चैटबॉट) लॉन्च किया।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने आज बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (एनआईए) द्वारा विकसित यह चैटबॉट आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी पीएम -जेएवाई) के लाभार्थियों को व्हाट्सऐप के माध्यम से 24 घंटे और सप्ताह के सातों दिन स्वास्थ्य सेवाओं तक आसान, सुरक्षित और त्वरित पहुंच उपलब्ध करायेगा। इसके जरिए नागरिकों को सरकारी दफ्तरों या कॉल सेंटरों के चक्कर लगाए बिना घर बैठे कई महत्वपूर्ण सेवाएं मिल सकेंगी।

उन्होंने कहा कि 'आयुष्मान सारथी' को पीएम-जेएवाई सिस्टम के साथ सुरक्षित एपीआई -आधारित इंटीग्रेशन पर विकसित किया गया है, जिससे लाभार्थियों को रियल-टाइम जानकारी और सेवाएं सीधे व्हाट्सऐप पर प्राप्त होंगी। चैटबॉट के माध्यम से पात्रता की जांच, आयुष्मान कार्ड के लिए आवेदन, कार्ड डाउनलोड, ईकेवाईसी दोबारा करना, आधार लिंक करना, कार्ड लॉक या अनलॉक करना, 70 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों के लिए आयुष्मान वयो वंदना कार्ड, वॉलेट बैलेंस और इलाज का इतिहास देखने जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

इसके अलावा लाभार्थी अपने नजदीकी पैनल में शामिल अस्पतालों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे, शिकायत दर्ज करने, उसकी स्थिति ट्रैक करने या वापस लेने, कॉल बैक का अनुरोध करने तथा अस्पताल से डिस्चार्ज के बाद डिजिटल फीडबैक देने जैसी सुविधाओं का भी लाभ उठा सकेंगे। सरकार का कहना है कि इससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की निगरानी बेहतर होगी और शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सकेगा।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार 'आयुष्मान सारथी' डिजिटल गवर्नेंस को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं अधिक पारदर्शी, सुलभ और नागरिक-केंद्रित बनेंगी। लाभार्थी इस आधिकारिक व्हाट्सऐप चैटबॉट का उपयोग 91 72908 23838 नंबर पर "हाई" भेजकर या निर्धारित क्यूआर कोड स्कैन करके कर सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित