चंडीगढ़ , मई 15 -- हरियाणा के ऊर्जा परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा आम आदमी पार्टी (आप) संयोजक अरविंद केजरीवाल और पार्टी के कई नेताओं के खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्यवाही शुरू किए जाने पर तीखी प्रतिक्रिया दी और कहा कि 'आप' देश की किसी भी संस्था का सम्मान नहीं करती।

श्री विज ने कहा कि न तो 'आप' प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को मानती है, न पुलिस और न ही अदालतों को। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी समय-समय पर सभी संस्थाओं की अवमानना करती रही है और अब अदालत उन्हें सबक सिखाएगी।

अम्बाला में पत्रकारों से बातचीत के दौरान श्री विज ने चुनाव आयोग द्वारा हरियाणा समेत 19 राज्यों में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान चलाने के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों का शुद्धिकरण बेहद जरूरी है। कई लोग वर्षों पहले बाहर जा चुके हैं या उनकी मृत्यु हो चुकी है लेकिन उनके नाम अब भी सूची में हैं। वहीं, कई अपात्र लोगों ने भी गलत तरीके से वोट बनवा रखी है।

पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी पर श्री विज ने कहा कि देश का लगभग 25 प्रतिशत तेल और गैस होर्मुज जलडमरूमध्य से आता है, जहां अमेरिका की घेराबंदी के कारण तेल टैंकर प्रभावित हुए हैं। इसका असर कीमतों पर पड़ना स्वाभाविक है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पांच देशों की यात्रा पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री विज ने कहा कि श्री मोदी के अंतरराष्ट्रीय संबंध देश के पूर्व प्रधानमंत्रियों की तुलना में बेहतर हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री विभिन्न देशों के साथ लगातार संवाद बनाए रखते हैं और द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा करते हैं।

पश्चिम बंगाल के चुनावी नतीजों पर तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी के आरोपों पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनादेश स्वीकार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूरे देश ने नतीजों को स्वीकार कर लिया है, इसलिए तृणमूल कांग्रेस को भी अब इसे मान लेना चाहिए।

अम्बाला छावनी में सदर बाजार चौक और निकलसन रोड का नाम बदलने के मुद्दे पर श्री विज ने कहा कि सदर बाजार चौक पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापित की गई है, इसलिए उसका नाम महाराणा प्रताप चौक रखा जाए। वहीं निकलसन रोड का नाम महाराणा प्रताप सड़क करने का प्रस्ताव नगर परिषद को भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित