तेहरान , सितंबर 27 -- अमेरिका और इजरायल की ओर से किये गये हमले के बाद ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई को तेहरान के एक अस्पताल के मलबे से बाहर निकाला गया था।

न्यूयॉर्क पोस्ट ने अपनी रिपोर्ट में यह जानकारी दी है। न्यूयॉर्क पोस्ट ने ईरान की विशेषज्ञों की सभा के सदस्य मोहसेन हैदरी के हवाले से यह जानकारी दी है। श्री हैदरी ने कतर के टेलीविजन नेटवर्क अल अरब की एक बातचीत में यह खुलासा किया। उन्होंने कहा कि फरवरी में हुए दूसरे हमले में खामेनेई बच गए थे। इससे पहले उनके पिता को निशाना बनाकर किए गये हमले में वह बाल-बाल बचे थे।

गौरतलब है कि 28 फरवरी को हुए हमले में अयातुल्ला अली खामेनेई के तेहरान स्थित परिसर को निशाना बनाया गया था। इस हमले में 86 वर्षीय सर्वोच्च नेता सहित कई वरिष्ठ लोगों की मौत हो गयी थी।

न्यूयॉर्क पोस्ट के अनुसार, हैदरी ने कहा, "घायल होने और अस्पताल ले जाए जाने के बाद भी तेहरान के तीन अस्पतालों पर बमबारी की गयी।" उन्होंने कहा, "मोजतबा खामेनेई तीसरे अस्पताल में थे और उन्हें मलबे से बाहर निकाला गया।"इसके बाद 56 वर्षीय ईरानी नेता किसी अज्ञात स्थान पर चले गए और तब से उन्हें सार्वजनिक रूप से न तो देखा गया है और न ही उनकी कोई सार्वजनिक जानकारी सामने आई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित