मुंबई , अक्टूबर 14 -- ेलीविजन धारावाहिक 'अनुपमा' से पहचान बनाने वाले अभिनेता पारस कलनावत आगामी सुपरनैचुरल शो 'अप्सरा' से छोटे पर्दे पर वापसी कर रहे हैं। करीब चार साल बाद स्टार प्लस पर लौट रहे पारस इस शो में समिक्षा जायसवाल और अनुष्का मर्चंडे के साथ नजर आएंगे। उन्होंने पिछले डेढ़ साल में 15 से 18 किलो वजन घटाकर अपना लुक भी बदला है।
पारस ने अपनी वापसी को लेकर कहा, "लगभग तीन-चार साल बाद स्टार प्लस पर लौटना घर वापस आने जैसा लग रहा है। 'अनुपमा' ने मुझे एक बड़ा मौका दिया था और यह मेरे करियर का अहम पड़ाव रहा है। इसलिए यह चैनल मेरे लिए हमेशा खास रहेगा। मैंने वेब की दुनिया में काम करने के लिए टेलीविजन से कुछ समय का ब्रेक लिया था, लेकिन इस दौरान एहसास हुआ कि मुझे टीवी शोज में काम करना कितना याद आ रहा था।"उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से शो की निर्माता मुक्ता धोंड के साथ काम करना चाहते थे और अब यह अवसर मिलने से खुश हैं। समिक्षा जायसवाल और अनुष्का मर्चंडे के साथ काम करने का अनुभव भी अच्छा रहा है।
अपने नए लुक के बारे में पारस ने कहा, "मैं पहली बार स्क्रीन पर थोड़ा रफ-टफ लुक अपनाने जा रहा हूं। पिछले डेढ़ साल में मैंने करीब 15-18 किलो वजन घटाया है और शरीर की चर्बी कम करने के साथ मसल्स बनाने पर भी मेहनत की है। 'अप्सरा' में दर्शक मुझे पहली बार इस नए लुक में देखेंगे और इसे लेकर मैं काफी उत्साहित हूं।"मुक्ता धोंड का यह सुपरनैचुरल शो समुद्र मंथन से प्रेरित है। इसकी कहानी में बुरी शक्तियों से अमृत की रक्षा करने और अपनों को बचाने की चुनौती देखने को मिलेगी।
'अप्सरा' का प्रीमियर 21 अक्टूबर को रात 10:30 बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित