मुंबई , जून 30 -- स्टार प्लस के लोकप्रिय धारावाहिक 'अनुपमा' के नए 'अपना घर' ट्रैक में महिलाओं की पहचान, आत्मनिर्भरता और अपने घर के अधिकार जैसे सामाजिक मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया है।शो का नया ट्रैक इस सवाल पर केंद्रित है कि जिस महिला को घर की धुरी माना जाता है, क्या उसका अपना कोई घर होता है। कहानी उस पारंपरिक सोच को चुनौती देती है, जिसमें महिलाओं से परिवार के लिए घर बसाने की अपेक्षा की जाती है, लेकिन उन्हें अपना घर बनाने के लिए प्रोत्साहित नहीं किया जाता।
धारावाहिक में अनुपमा की भूमिका निभा रहीं अभिनेत्री रूपाली गांगुली ने कहा कि यह कहानी उन लाखों महिलाओं की भावनाओं को सामने लाती है, जो कभी न कभी यह सवाल खुद से पूछती हैं कि उनका अपना घर कौन-सा है।उन्होंने कहा, "हर महिला को वह आत्मविश्वास और सुरक्षा मिलनी चाहिए, जो एक ऐसे घर से आती है जिसे वह सच में अपना कह सके। यदि यह कहानी महिलाओं को अपने भविष्य, आर्थिक आजादी और सपनों के बारे में नए सिरे से सोचने के लिए प्रेरित करती है, तो यह मनोरंजन से आगे बढ़कर अपना उद्देश्य पूरा करेगी।"रूपाली गांगुली ने कहा कि समाज महिलाओं से घर बसाने की उम्मीद करता है, लेकिन अब समय आ गया है कि उन्हें अपना घर बनाने का अधिकार और अवसर भी उतनी ही मजबूती से दिया जाए।
'अनुपमा' का प्रसारण स्टार प्लस पर प्रतिदिन रात 10 बजे किया जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित