पटना , जुलाई 26 -- ारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचार देशवासियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए निरंतर प्रेरित करते हैं और विकसित भारत के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान करते हैं।श्री सरावगी ने आज बांकीपुर विधानसभा के जंक्शन मंडल अंतर्गत फ्रेजर रोड शक्ति केंद्र पर स्थानीय नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 136वें संस्करण को सुना।

‎कार्यक्रम के बाद संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मन की बात' के माध्यम से कारगिल युद्ध के अमर वीरों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए राष्ट्रभक्ति, आत्मनिर्भर भारत और जनभागीदारी की भावना को और अधिक सशक्त बनाने का संदेश दिया।

श्री सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा बिहार के सीतामढ़ी जिले की प्लास्टिक कचरा प्रबंधन पहल का विशेष उल्लेख पूरे बिहार के लिए गर्व का विषय है। बाजपट्टी प्रखंड में सिंगल यूज प्लास्टिक के पुनर्चक्रण से पर्यावरण-अनुकूल और मजबूत बेंच तैयार करने की पहल को प्रधानमंत्री ने स्वच्छता, नवाचार और जनसहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि सीतामढ़ी का यह 'वेस्ट टू वेल्थ' मॉडल अब पूरे देश में चर्चा का विषय बन गया है और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायी मिसाल के रूप में उभरा है।

भाजपा ‎प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही आगामी गणेशोत्सव के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए मिट्टी से निर्मित भगवान गणेश की प्रतिमाओं के उपयोग का आग्रह किया।

‎उन्होंने कहा कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का प्रधानमंत्री का संदेश समाज में सकारात्मक परिवर्तन का आधार बनेगा।

श्री सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायी विचार विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत और जनभागीदारी के संकल्प को नई दिशा और नई गति प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता इन संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वच्छ, आत्मनिर्भर, पर्यावरण-अनुकूल और विकसित भारत के निर्माण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा।

इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री डॉ. प्रीति शेखर, प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी उपस्थित थे। उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी विचारों को तन्मयता से सुना।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित