होशियारपुर , मई 16 -- पंजाब के होशियारपुर में शनिवार को सिविल अस्पताल के बाहर पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश करने वाले एक कैदी की गोली लगने से मौत हो गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मलिक ने सिविल अस्पताल में पत्रकारों को बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोपहर करीब 1:30 बजे चार पुलिसकर्मी केंद्रीय जेल होशियारपुर से तीन कैदियों को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल लेकर आए थे। मेडिकल जांच के बाद वरिष्ठ कांस्टेबल जसदीप सिंह, जो अस्थमा के मरीज हैं, हथकड़ी लगे कैदी नसीब सिंह को लेकर ई-रिक्शा में एंबुलेंस की ओर जा रहे थे, तभी आरोपी ने भागने का प्रयास किया। जसदीप सिंह ने उसे पकड़ लिया, लेकिन कैदी ने अपने पास मौजूद धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया, जिससे उनके चेहरे, हाथ और पैर पर कई चोटें आईं।
एसएसपी के अनुसार, "कैदी लगातार संघर्ष करता रहा और दोबारा भागने की कोशिश की। हाथापाई के दौरान उसने कांस्टेबल की सरकारी पिस्तौल छीनने का भी प्रयास किया।" उन्होंने बताया कि आत्मरक्षा और आरोपी को भागने से रोकने के लिए कांस्टेबल ने पहले जमीन पर चेतावनी स्वरूप गोली चलाई, लेकिन आरोपी नहीं रुका और संघर्ष जारी रहा। इस दौरान दोनों गिर पड़े और आरोपी ने फिर हथियार छीनने की कोशिश की। इसके बाद कांस्टेबल ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से कई गोलियां चलाईं, जिनमें से कुछ आरोपी को लगीं।
श्री मलिक ने कहा कि आरोपी के पास धारदार हथियार कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा, "हम जांच करेंगे कि उसे यह हथियार कहां से मिला, क्या उसने जेल परिसर के बाहर से उठाया था या किसी ने उसकी मदद की थी।" उन्होंने बताया कि अस्पताल प्रशासन ने बाद में जानकारी दी कि घायल कैदी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। शव को सिविल अस्पताल के शवगृह में रखा गया है। उन्होंने कहा कि घायल कांस्टेबल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
उन्होंने कहा कि जेल प्रशासन के अनुरोध पर विचाराधीन कैदियों और दोषियों को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाना पुलिस की नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि नसीब सिंह पर हत्या, हत्या के प्रयास और एनडीपीएस एक्ट सहित कई आपराधिक मामले दर्ज थे और वह एक दोषी कैदी भी था। एसएसपी ने यह भी बताया कि नसीब सिंह के पिता शशि कुमार के खिलाफ भी हत्या और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं और वह फिलहाल जेल में बंद है। पुलिस के अनुसार, पूरे मामले की आगे जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित