होशियारपुर , अप्रैल 20 -- पंजाब में होशियारपुर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय/विदेशी लिंक वाले नशा और अवैध हथियार मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 9.925 किलोग्राम हेरोइन, दो .30 बोर विदेशी पिस्तौल, आठ मैगजीन और 40 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने सोमवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनजिंदर सिंह उर्फ सोनू (गांव पथरालियां, होशियारपुर), शिवम भंडारी (ढीना, जालंधर), साहिल मसीह उर्फ मोनू (गांव पखोके ताहली, गुरदासपुर) और रामेल रोजर (गढ़शंकर, होशियारपुर) के रूप में हुई है।

श्री यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे गैंगस्टरों के सीधे संपर्क में थे और उनके स्थानीय हैंडलर के रूप में काम कर रहे थे। ये आरोपी क्षेत्र में नशा तस्करी और अवैध हथियारों की सप्लाई में संलिप्त थे। उन्होंने कहा कि पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए मामले की जांच जारी है।

कार्रवाई के बारे में जानकारी देते हुए होशियारपुर के एसएसपी संदीप कुमार मलिक ने बताया कि विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने गढ़शंकर क्षेत्र में विशेष नाकाबंदी की थी। इस दौरान संदेह के आधार पर एक कार को रोका गया, जिसमें सवार चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और उनके वाहन से हेरोइन और हथियारों की खेप बरामद की गई।

एसएसपी ने आगे बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक, साहिल मसीह, आदतन अपराधी है और जिला बटाला में पुलिस पार्टी पर फायरिंग की घटना में भी शामिल रहा है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में थाना गढ़शंकर, होशियारपुर में मामला दर्ज किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित