होशियारपुर , अक्टूबर 29 -- पंजाब के होशियारपुर जिले के धूत कलां गांव में बृहस्पतिवार सुबह 16 वर्षीय छात्रा की कथित तौर पर उसके पिता ने धारदार हथियार से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान अमरजीत सिंह के रूप में हुई है, जबकि मृतका की पहचान इंद्रप्रीत कौर के तौर पर की गई है। वह धूत कलां स्थित सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 12वीं कक्षा की छात्रा थी।
पुलिस उप अधीक्षक (ग्रामीण) नरिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस को सुबह करीब सात बजे घटना की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मृतका की मां बलजीत कौर के बयान पर हरियाना थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
डीएसपी के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी अक्सर कहता था कि इंद्रप्रीत उसकी इकलौती बेटी है। मामले की आगे जांच की जा रही है और आरोपी को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित