होशियारपुर , जनवरी 21 -- पंजाब में होशियारपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मलिक ने बुधवार को बताया कि पुलिस ने 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत संगठित अपराध के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई शुरू की, जिसके तहत जिले भर में व्यापक छापेमारी के दौरान 80 गैंगस्टरों और अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।

मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए श्री मलिक ने कहा कि यह अभियान पंजाब के मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक के निर्देशों के अनुरूप शुरू किया गया था, जिसमें संगठित अपराध, गैंगस्टरों के नेटवर्क, अवैध हथियार आपूर्ति और आपराधिक वित्तपोषण के खिलाफ शून्य-सहिष्णुता की नीति अपनायी गयी थी। उन्होंने बताया कि इस अभियान के लिए 70-80 टीमों में विभाजित 500 से अधिक पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया था। दोपहर तक लगभग 300 स्थानों पर छापेमारी की गयी, इस दौरान 150 संदिग्धों को सत्यापन और पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया और उनमें से 80 को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।

एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्तियों से तीन आग्नेयास्त्रों सहित अवैध हथियार और मादक पदार्थ बरामद किये गये हैं, और आगे की पूछताछ जारी है, ताकि आगे और पीछे के संबंधों की पहचान की जा सके। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल होशियारपुर तक ही सीमित नहीं है और अंतर-जिला और अंतर-राज्यीय स्तर पर भी छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि विदेशों से सक्रिय अपराधियों के प्रत्यर्पण और उनके खिलाफ रेड और ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गयी है।

एसएसपी ने इस बात पर जोर देते हुए कहा कि वित्तीय जांच इस अभियान का एक प्रमुख घटक है और आपराधिक आय से अर्जित संपत्तियों की पहचान की जाएगी, उन्हें फ्रीज किया जाएगा और कानूनी प्रावधानों के अनुसार जब्त किया जाएगा। अपराध की राह पर भटक चुके युवाओं से मुख्यधारा में लौटने की अपील करते हुए श्री मलिक ने कहा कि पुलिस इस समय नरम रुख अपना रही है, लेकिन चेतावनी दी कि आपराधिक गतिविधियों में लगातार शामिल होने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मियानी गांव में हाल ही में एक दुकानदार की हत्या का जिक्र करते हुए एसएसपी ने कहा कि पीड़ित को गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी और सभी आरोपियों की पहचान कर ली गयी है, साथ ही जल्द ही गिरफ्तारियां की जाएंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित