होशियारपुर , मई 22 -- पंजाब के होशियारपुर जिले में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूल वैन और टिप्पर ट्रक की टक्कर हो गयी, जिसमें सात स्कूली बच्चे घायल हो गये। इनमें तीन बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद इलाके में लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन भी किया।

यह हादसा दोपहर करीब एक बजे दोसड़का-शाम चौरासी रोड पर गांव कडियाना के पास हुआ। सन वैली इंटरनेशनल स्कूल, चक्कोवाल ब्राह्मणा की वैन करीब 10 बच्चों को लेकर शाम चौरासी की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार टिप्पर ने वैन को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद टिप्पर सड़क से उतरकर खेतों में जा रुका।

पुलिस के मुताबिक हादसे में भवजोत सिंह (13), नवजोत कौर (7), पुनीत कौर (4) और दिव्या शर्मा (10) गंभीर रूप से घायल हो गये। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सिविल अस्पताल होशियारपुर रेफर किया गया। वहीं हिमानी शर्मा (4), हरनूर कौर (5) और सरबजीत कौर (12) को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गयी।

पंजाब के कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने भी अस्पताल पहुंचकर घायल बच्चों का हालचाल जाना।

बुल्लोवाल थाने के एसएचओ उप निरीक्षक परविंदरजीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद इलाके के लोगों और भारतीय किसान यूनियन (कादियां) के कार्यकर्ताओं ने राज्य कमेटी सदस्य सतपाल सिंह के नेतृत्व में दोसड़का-शाम चौरासी रोड पर करीब एक घंटे तक धरना देकर सड़क जाम कर दी। प्रदर्शनकारियों ने इस मार्ग पर टिप्परों की आवाजाही पर रोक लगाने की मांग की।

बाद में पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद धरना समाप्त कर यातायात बहाल कर दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित