होशियारपुर , अप्रैल 01 -- लोकसभा सांसद राज कुमार चब्बेवाल ने बुधवार को कहा कि पंजाब के चब्बेवाल क्षेत्र में एक आधुनिक फल एवं सब्जी प्रसंस्करण इकाई स्थापित की जाएगी। इस परियोजना को केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय द्वारा मंजूरी दे दी गई है। करीब 18 करोड़ रूपये की लागत से बनने वाली यह यूनिट अगले एक वर्ष में चालू होने की संभावना है।
सांसद चब्बेवाल ने बताया कि उन्होंने विधायक इशांक कुमार के साथ हाल ही में नयी दिल्ली में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान से मुलाकात कर इस परियोजना की मंजूरी सुनिश्चित की। यह यूनिट मुख्य रूप से मटर और आलू जैसी फसलों की प्रोसेसिंग पर केंद्रित होगी। इससे होशियारपुर और आसपास के क्षेत्रों के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा, जहां मटर, गाजर और आलू जैसी फसलों की खेती की काफी संभावनाएं हैं।
सांसद ने कहा कि यह परियोजना फसल विविधीकरण को मजबूत करेगी, किसानों की आय बढ़ाएगी और उन्हें बेहतर बाजार उपलब्ध कराएगी। साथ ही, मूल्य संवर्धन के जरिए कृषि को अधिक लाभकारी बनाया जाएगा।
इस यूनिट में फल और सब्जियों के प्रसंस्करण एवं संरक्षण के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, खासकर महिलाओं के लिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित