होशियारपुर , सितंबर 19 -- पंजाब के होशियारपुर जिले के खड़कां कैंप स्थित सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के सहायक प्रशिक्षण केंद्र में शनिवार को 128 कांस्टेबल (ट्रेड्समैन) प्रशिक्षुओं की पासिंग आउट परेड और शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया।

बीएसएफ के महानिरीक्षक सीडी अग्रवाल समारोह के मुख्य अतिथि थे और उन्होंने परेड की सलामी ली। समारोह में सेवारत एवं सेवानिवृत्त बीएसएफ अधिकारी, अतिथि, मीडिया प्रतिनिधि तथा प्रशिक्षुओं के परिजन मौजूद रहे।

अधिकारियों के अनुसार 44 सप्ताह के प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षुओं ने अनुशासन, ड्रिल, वेशभूषा और पेशेवर दक्षता का प्रदर्शन किया। प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को मुख्य अतिथि ने पदक और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

श्री अग्रवाल ने प्रशिक्षुओं को सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा करने और बीएसएफ में शामिल होने पर बधाई दी। उन्होंने जवानों से साहस, समर्पण और पेशेवर दक्षता के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा अनुशासन और ईमानदारी बनाए रखने का आह्वान किया। समारोह का समापन प्रशिक्षुओं की ओर से प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित