होशियारपुर , सितंबर 17 -- पंजाब के होशियारपुर जिले में ठकड़ी गांव के पास धारदार और कुंद हथियारों से लैस नाबालिगों के दो गुटों के बीच हुई झड़प में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए।

मृतक की पहचान तलवंडी दादियां गांव निवासी सरबजीत सिंह (16) के रूप में हुई है।

टांडा के पुलिस उप अधीक्षक दविंदर सिंह ने गुरुवार को बताया कि बुधवार रात करीब 11.30 बजे टांडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से झगड़े की सूचना मिली। प्रारंभिक जांच के अनुसार तलवंडी सल्लां और तलवंडी दादियां गांवों के 12 से 16 वर्ष की उम्र के लड़कों के बीच ठकड़ी गांव के पास किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद मारपीट में कई लड़के घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद था। आरोप है कि एक पक्ष के लड़के तलवंडी दादियां में एक घर के बाहर मोटरसाइकिल के साइलेंसर से पटाखे जैसी तेज आवाजें कर कथित तौर पर परेशान कर रहे थे।

झड़प में गंभीर रूप से घायल सरबजीत सिंह को टांडा से होशियारपुर रेफर किया गया, जहां आज सुबह उसने दम तोड़ दिया। टांडा थाना प्रभारी निरीक्षक अमरजीत कौर ने बताया कि घटना में पांच बच्चे घायल हुए थे, जिनमें तीन तलवंडी दादियां और दो तलवंडी सल्लां के हैं।

पुलिस ने टांडा थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित कर विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित