होशियारपुर , जुलाई 31 -- पंजाब के होशियारपुर-फगवाड़ा मार्ग पर शुक्रवार तड़के हुए एक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गयी, जबकि डेढ़ वर्षीय बालिका घायल हो गयी। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा शुक्रवार सुबह करीब तीन बजे गांव दाविदा अहराना के पास हुआ। मोटरसाइकिल पर सवार परिवार को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शौकत (35), उनकी पत्नी शमा (32) और चार वर्षीय बेटे रेहान की मौके पर ही मौत हो गयी।हादसे में दंपति की डेढ़ वर्षीय बेटी रिधा घायल हो गयी। उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल, होशियारपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
मृतक परिवार होशियारपुर जिले के चब्बेवाल का रहने वाला था। हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मेहतियाना थाना के प्रभारी निरीक्षक राजिंदर सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित