होशियारपुर , अगस्त 28 -- पंजाब सरकार के कर्मचारियों ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान के कथित उदासीन रवैये और कर्मचारी प्रतिनिधियों के साथ बैठक नहीं करने के विरोध में यहां उनका पुतला फूंका और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

यह प्रदर्शन पंजाब कर्मचारी एवं पेंशनर्स संयुक्त फ्रंट तथा सांझा मुलाजिम मंच, पंजाब द्वारा गठित संयुक्त समन्वय समिति के नेतृत्व में सिविल सर्जन कार्यालय के बाहर किया गया।

प्रदर्शनकारियों ने 27 अगस्त को कर्मचारियों द्वारा किये गये सामूहिक आकस्मिक अवकाश से संबंधित सरकारी पत्र की प्रतियां भी जलायीं। इसके अलावा मुख्यमंत्री द्वारा गुरुवार को सोशल मीडिया पर किये गये उस पोस्ट की प्रतियां भी जलायी गयीं, जिसमें उन्होंने कहा था कि बैठक और विरोध प्रदर्शन एक साथ नहीं चल सकते।

यूनियन नेताओं ने कर्मचारियों के प्रति मुख्यमंत्री के कथित रवैये की आलोचना करते हुए पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के फैसले के अनुसार महंगाई भत्ते (डीए) का भुगतान तुरंत करने की मांग की। उन्होंने ज्ञापन में शामिल कर्मचारियों की अन्य मांगों का भी जल्द समाधान करने की मांग की। नेताओं ने 27 अगस्त को प्रदर्शन और सामूहिक आकस्मिक अवकाश में बड़ी संख्या में शामिल होने के लिए कर्मचारियों का आभार जताया।

प्रदर्शन में राज्य नेता सतीश राणा, जिला नेताओं अनिरुद्ध मोदगिल, मनजीत सिंह सैनी, वरियाम सिंह और राकेश कुमार सहित सिविल सर्जन कार्यालय के अध्यक्ष धर्मिंदर, महासचिव संजीव कुमार तथा अन्य कर्मचारी नेता एवं सदस्य मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित