होशियारपुर , सितंबर 15 -- पंजाब में होशियारपुर जिले के बरियां कलां गांव में मंगलवार तड़के डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को कथित तौर पर नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है।
पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक (जांच) नवनीत सिंह महल ने बताया कि चब्बेवाल थाना क्षेत्र के गांव में अनाज मंडी के पास स्थापित प्रतिमा पर कुछ अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर पथराव किया। इस घटना में प्रतिमा की उठी हुई उंगली क्षतिग्रस्त हो गयी। घटना का कथित वीडियो भी सामने आया है, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस टीमें आरोपियों की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं।
उन्होंने कहा कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिले में आंबेडकर की प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाने की पहले की घटनाओं का भी पुलिस ने पता लगाया था। मार्च 2026 में माहिलपुर थाना क्षेत्र के नूरपुर जट्टां गांव में ऐसी घटना सामने आयी थी, जबकि इसी गांव में जून 2025 में भी इसी तरह का मामला दर्ज हुआ था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित