चंडीगढ़ , सितंबर 16 -- पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने होशियारपुर जिले के गांव बरियां कलां में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने के कथित प्रयास की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया है।
ईटीओ ने बुधवार को कहा कि डॉ. अंबेडकर सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उन्होंने देश को संविधान देकर प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार सुनिश्चित किए। उन्होंने कहा कि समाज में विभाजन और पंजाब की शांति भंग करने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों से सख्ती से निपटा जाएगा।
मंत्री ने बताया कि पुलिस प्रशासन को घटना की तत्काल जांच कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि दोषी कितने भी प्रभावशाली क्यों न हों, उन्हें जल्द पुलिस हिरासत में लिया जाएगा और कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कैबिनेट मंत्री ने लोगों से शांति और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि मान सरकार प्रत्येक नागरिक की गरिमा तथा महान राष्ट्रीय नेताओं के सम्मान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित