रायपुर , मार्च 03 -- छत्तीसगढ़ में रायपुर ग्रामीण पुलिस ने होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलेभर में विशेष सघन अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देश पर राजपत्रित अधिकारियों के मार्गदर्शन में विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ समन्वित कार्रवाई की गई।

इस अभियान में संवेदनशील और प्रमुख क्षेत्रों को प्राथमिकता देते हुए कानून-व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।

थाना माना, मंदिर हसौद, आरंग, धरसींवा, अभनपुर, गोबरानवापारा, राखी, विधानसभा, खरोरा और तिल्दा नेवरा क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने लंबित वारंटों की तामिली, निगरानी बदमाशों की जांच, संदिग्धों की धरपकड़ तथा यातायात नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की।

अभियान के दौरान 223 लंबित वारंटों की तामिली कर न्यायालयीन आदेशों का पालन सुनिश्चित किया गया। वहीं शांति भंग की आशंका को देखते हुए 119 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। त्योहार के दौरान असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए विशेष अधिनियमों के तहत भी सख्ती बरती गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित