गौतमबुद्धनगर , फरवरी 24 -- उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर में आगामी होली पर्व को देखते हुए जनपद में मिलावटी और अशुद्ध खाद्य पदार्थों पर अंकुश लगाने के लिए जिला खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। जिलाधिकारी के निर्देश पर विभाग की टीमों द्वारा विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर नमूने जांच के लिए संग्रहित किए जा रहे हैं।
मंगलवार को कार्रवाई की जानकारी देते हुए सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि देर रात्रि चलाए गए विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमर बहादुर सरोज की टीम ने नोएडा सेक्टर 12 सब्जी मंडी स्थित प्रतिष्ठा द डेयरी से खोया का एक नमूना लिया।
वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी रविन्द्र नाथ वर्मा और विजय बहादुर पटेल की टीम ने नोएडा सेक्टर-143 स्थित बी टी डब्ल्यू इंडिया प्राइवेट लिमिटेड से चमचम और पनीर का एक-एक नमूना संग्रहित किया। इसी टीम ने सोलह किलोमीटर यमुना एक्सप्रेसवे पर सबलपुर अलीगढ़ की सुशील डेयरी के वाहन को रोककर जांच की। वाहन से दिल्ली और एनसीआर में सप्लाई के लिए ले जाए जा रहे पनीर का एक नमूना लिया गया।
इसके अलावा खाद्य सुरक्षा अधिकारी एस.के. पांडेय और ओ.पी. सिंह की टीम ने नोएडा सेक्टर 37 स्थित सोहो किचेन एंड कंपनी से पिज्जा सॉस का एक नमूना भरा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित