रायपुर , मार्च 03 -- त्तीसगढ़ में रंगों के पर्व होली को देखते हुए राजधानी रायपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय में चिकित्सा व्यवस्थाओं को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। अस्पताल प्रशासन ने त्योहार के दौरान संभावित दुर्घटनाओं और आपात स्थितियों से निपटने के लिए सभी विभागों को सतर्क रहने के आज निर्देश जारी किए हैं।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल कर्मियों को अलर्ट मोड में कार्य करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया है कि आपातकालीन सेवाएं पूर्ववत 24 घंटे संचालित रहेंगी। 4 मार्च को शासकीय अवकाश होने के कारण बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) बंद रहेगा, लेकिन इमरजेंसी विभाग में मरीजों को निर्बाध उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रबंधन की ओर से सभी वार्डों में जीवनरक्षक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ आवश्यक उपकरणों की जांच भी कर ली गई है। गंभीर स्थिति में मरीजों को सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना सुपर स्पेश्यलिटी अस्पताल (डीकेएस) तक एम्बुलेंस सुविधा उपलब्ध रहेगी।
त्योहार के मद्देनज़र अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। अस्पताल प्रशासन ने नागरिकों से सुरक्षित और संयमित ढंग से होली मनाने की अपील करते हुए किसी भी आपात स्थिति में तत्काल इमरजेंसी विभाग से संपर्क करने का आग्रह किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित