आगरमालवा , मार्च 03 -- होली के अवसर पर मध्यप्रदेश के आगरमालवा पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने आज नगर में पैदल भ्रमण किया।
भ्रमण के दौरान उन्होंने विभिन्न प्रमुख बाजारों, संवेदनशील क्षेत्रों एवं सार्वजनिक स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने नगर के नागरिकों, व्यापारियों एवं गणमान्य व्यक्तियों से भेंट कर होली पर्व को आपसी भाईचारे, प्रेम एवं सामंजस्य के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि होली सामाजिक समरसता का पर्व है, जिसे शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
भ्रमण के दौरान कोतवाली थाना प्रभारी शशि उपाध्याय एवं यातायात सूबेदार जगदीश यादव सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक द्वारा यातायात व्यवस्था, ड्यूटी प्वाइंट्स, डायवर्जन एवं स्टापेज व्यवस्था का भी निरीक्षण कर आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित