लखनऊ , फरवरी 24 -- उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक प्रभु एन. सिंह ने होली पर्व को देखते हुए बस संचालन, यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। मंगलवार को उन्होंने वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में सभी क्षेत्रों की व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की।
एमडी प्रभु एन. सिंह ने निर्देशित किया कि होली के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त बसों का संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि सभी चालक एवं परिचालक पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करें और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
उन्होंने बसों की तकनीकी स्थिति को बेहतर बनाए रखने के लिए सभी वाहनों की 13 एवं 31 बिंदुओं पर नियमित और अनिवार्य जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बसों की जांच में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एमडी ने यह भी निर्देश दिया कि सभी चालक एवं परिचालक प्रत्येक निर्धारित स्टॉप पर बस को अनिवार्य रूप से रोकें और यात्रियों को उनके गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि होली के दौरान विशेष परिवहन योजना का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए सुचारु और सुरक्षित बस संचालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यात्री सुविधा, सुरक्षा और समयबद्ध सेवा सुनिश्चित कर रोडवेज की सेवाओं को और बेहतर बनाया जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित