प्रयागराज , मार्च 03 -- उत्तर प्रदेश की संगम नगरी प्रयागराज में होली पर्व को लेकर बाजारों में खासा उत्साह और रौनक दिखाई दे रही है। शहर के प्रमुख बाजारों में अबीर-गुलाल, रंग, पिचकारी और अन्य सामान की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। इस वर्ष चंद्र ग्रहण के कारण होली का पर्व बुधवार, चार मार्च को मनाया जाएगा। पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट ने व्यापक तैयारियां की हैं।
डीसीपी सिटी मनीष कुमार शांडिल्य के अनुसार पूरे सिटी जोन को कई सेक्टरों में विभाजित किया गया है और पुलिस कर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। पीआरबी वाहनों की तैनाती नए सिरे से की गई है तथा उनका रूट चार्ट भी पुनः निर्धारित किया गया है, ताकि किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने बताया कि पर्व के मद्देनज़र आरएएफ और पीएसी बल भी उपलब्ध कराया गया है। संवेदनशील इलाकों में लगातार फ्लैग मार्च किया जा रहा है। सिटी जोन में 70 से अधिक संवेदनशील स्थान चिह्नित कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है और पुलिस लाइन स्थित कंट्रोल रूम से मॉनिटरिंग हो रही है। भीड़-भाड़ वाले इलाकों और बाजारों पर ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी नजर रखी जा रही है।
डीसीपी सिटी ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की हुड़दंग या कानून व्यवस्था भंग करने की कोशिश पर पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है और महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर कोई नई परंपरा शुरू न करें और त्योहार को शांति व सौहार्द के साथ मनाएं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित