महासमुंद , मार्च 05 -- छत्तीसगढ़ में महासमुंद जिले के सरायपाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कनकेबा में होली के दिन लापता हुए बालक का शव गुरुवार को मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान पीयूष निषाद (नौ) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीयूष होली के दिन लगभग पूर्वाह्न 11 बजे घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। आज सुबह करीब आठ बजे घर से लगभग 100 मीटर दूर एक खेत के पास उसका शव मिलने की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही सरायपाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। दोनों ही पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
पुलिस ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है तथा आसपास के क्षेत्र में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित