वाराणसी , फरवरी 23 -- होली पर्व के पावन अवसर पर सोमवार को भगवान श्री विश्वेश्वर के पवित्र धाम श्री काशी विश्वनाथ मंदिर से मथुरा स्थित श्री कृष्ण जन्मस्थान में विराजमान भगवान श्री लड्डू गोपाल के लिए पारंपरिक भेंट एवं अबीर-गुलाल प्रेषित किया गया। यह आयोजन काशी और ब्रज की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक एकता का जीवंत प्रतीक है।
इस अवसर पर लड्डू गोपाल के लिए लकड़ी के खिलौने, चॉकलेट, नवीन वस्त्र, गुलाल, पुष्प तथा अन्य पूजन सामग्री सम्मिलित की गई। समस्त भेंट सामग्री को पूर्ण श्रद्धा एवं विधि-विधान के साथ सजाया गया। मंदिर के डिप्टी कलेक्टर, मुख्य कार्यपालक अधिकारी तथा शास्त्रियों ने मंदिर न्यास की पुष्पों से सुसज्जित वाहन में यह सामग्री रखकर डमरू-शंखनाद एवं "हर-हर महादेव" के जयघोष के बीच प्रस्थान कराया।
उपस्थित श्रद्धालुओं ने भी हर्षोल्लास के साथ इस पावन क्षण के साक्षी बनकर अपनी सहभागिता दी। यह प्राचीन परंपरा काशी और ब्रज के बीच गहरे धार्मिक संबंधों को और सुदृढ़ करती है तथा समस्त देशवासियों को एकता, श्रद्धा एवं उत्सवधर्मिता का संदेश देती है। होली जैसे आनंद एवं सौहार्द के पर्व पर इस प्रकार का सांस्कृतिक आदान-प्रदान आध्यात्मिक समरसता को और अधिक मजबूत बनाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित