दंतेवाड़ा , मार्च 05 -- होली के पावन पर्व का उल्लास एक परिवार के लिए उस समय गम का पहाड़ बन गया जब छत्तीसगढ़ में दंतेवाड़ा जिले के गीदम थाना क्षेत्र के सोनारपारा गांव के पास रासा डोबरा नदी में नहाते समय डूबने से एक किशोर की मौत हो गई है। यह दर्दनाक घटना बुधवार को उस समय घटी जब दो भाई होली खेलने के बाद नदी में स्नान करने उतरे थे।

पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 15 वर्षीय आदर्श वाघमारिया के रूप में की गई है। वह अपने 18 वर्षीय बड़े भाई के साथ नदी में नहा रहा था। बताया जा रहा है कि स्नान के दौरान बड़ा भाई अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। अपने बड़े भाई को संकट में देखकर छोटा भाई आदर्श तुरंत उसे बचाने के लिए आगे बढ़ा। उसने बड़े भाई को बचाने की कोशिश की लेकिन इस प्रयास में वह खुद गहरे पानी में डूब गया।

बड़े भाई ने किसी तरह जान बचाते हुए किनारे आकर शोर मचाया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए गोताखोरी कर आदर्श को नदी से बाहर निकाला। ग्रामीणों ने तुरंत उसे स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित