पटना, मार्च 14 -- होली और ईद के अवसर पर बिहार सरकार के स्तर से शुरू की गई विशेष अंतर्राज्यीय बस सेवा प्रवासी बिहारियों के लिए वरदान साबित हो रही है।
बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) की ओर से 23 फरवरी से संचालित इन एसी बसों में पिछले 18 दिनों में जबरदस्त भीड़ देखी गई है। आंकड़ों के अनुसार, इन बसों में 43 हजार से अधिक यात्रियों ने सफर किया और औसतन 93 प्रतिशत सीटें फुल रहीं।
यह सेवा बिहार से दिल्ली, हरियाणा, झारखंड, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों के लिए शुरू की गई है। कुल 118 एसी सीटर और स्लीपर बसों का परिचालन किया जा रहा है, जो प्रवासियों को ट्रेनों की भीड़ और महंगे विकल्पों से राहत दे रही हैं।
निगम के अनुसार सबसे अधिक यात्रा मुजफ्फरपुर और दिल्ली के बीच दर्ज की गई। इस रूट पर अकेले 17,478 यात्रियों ने सफर किया।अन्य प्रमुख रूटों पर भी यात्रियों की संख्या अच्छी रही।यह सेवा प्रवासियों को किफायती किराए पर एसी बसों में आरामदायक यात्रा का विकल्प दे रही है। यात्रियों के लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध है, वे निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी पसंद की सीट भी चुन सकते हैं। साथ ही बसों में ऑन-स्पॉट बुकिंग भी संभव है। भुगतान के लिए यूपीआई, डेबिट/क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग और ई-टिकटिंग की व्यवस्था की गई है। यह विशेष त्योहारी बस सेवा 23 मार्च तक जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित