चंडीगढ़ , मार्च 02 -- पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने तीर्थयात्रा की मूल सुविधाओं को मजबूत करने और पर्यावरणीय स्थिरता को बढ़ावा देने ?की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए, सोमवार को श्री आनंदपुर साहिब में चल रहे होला मोहल्ला उत्सव के लिए व्यापक प्रबंधों की घोषणा की, जिसमें एक स्थायी बारहमासी 'टेंट सिटी' भी शामिल है।
पंजाब भवन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए श्री बैंस ने कई ऐतिहासिक पहलों का खुलासा किया, जिनमें भारत की पहली स्थायी वातानुकूलितटेंट सिटी और 'ग्रीन होला मोहल्ला' का पालन शामिल है। उन्होंने कहा, " पिछले साल के अस्थायी ढांचे की सफलता और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा किये गये निरीक्षण के बाद इस स्थायी सुविधा को पवित्र शहर में स्थापित किया गया है। "शिक्षा मंत्री ने कहा कि यह पंजाब के धार्मिक पर्यटन के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है। यह सुविधा न केवल 'मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना' के तहत आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा करेगी, बल्कि श्री आनंदपुर साहिब में पर्यटन की संभावनाओं को भी नये पंख देगी। पर्यावरण संरक्षण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए उन्होंने बताया कि इस वर्ष सिंगल-यूज़ प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध है। पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सभी लंगरों में 'बायो-डिग्रेडेबल' (जैव-अपघटनीय) विकल्प प्रदान करने का पूरा खर्च वहन कर रहा है।
ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से आने वाले भक्तों के लिए 28 समर्पित पार्किंग ज़ोन और दो विशेष ट्रॉली सिटी बनायी गयी हैं। मांझा और दोआबा के श्रद्धालुओं के लिएचरण गंगा के पास और मालवा व चंडीगढ़ की ओर से आने वालों के लिए गांव झिंझड़ी में व्यवस्था की गयी है। तख्त श्री केसगढ़ साहिब और किला आनंदगढ़ साहिब जैसे धार्मिक स्थलों तक ले जाने के लिए 100 ई-रिक्शा शटल सेवाएं चलेंगी। दो और तीन मार्च की शाम को विरासत-ए-खालसा में शानदार आतिशबाजी होगी। पूरे शहर को रोशनी से सजाया गया है। हर पार्किंग स्थल और प्रमुख जमावड़े वाले बिंदुओं पर 'आम आदमी क्लीनिक' क्रियाशील हैं। सुरक्षा के लिए तीन-स्तरीय बैरिकेडिंग की गयी है, ताकि निहंग सिंह अपने पारंपरिक युद्ध कौशल (मार्शल आर्ट) का प्रदर्शन सुचारू रूप से कर सकें।
उन्होंने वैश्विक सिख संगत को इस ऐतिहासिक अवसर पर सपरिवार शामिल होने और आध्यात्मिक भव्यता का अनुभव करने का निमंत्रण दिया। उन्होंने महीनों की तैयारी के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों का धन्यवाद भी किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित