अबू धाबी , अगस्त 14 -- रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी के संचालित दो वाणिज्यिक पोतों पर बृहस्पतिवार शाम ड्रोन से हमला किया गया। यूएई की सरकारी ऊर्जा कंपनी ने यह जानकारी दी।

कंपनी ने बताया कि घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। सरकारी स्वामित्व वाली इस कंपनी ने इन हमलों को समुद्री डकैती की कार्रवाई करार दिया और चेतावनी दी कि इससे नौवहन की स्वतंत्रता और वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा हो गया है।

यूएई की आधिकारिक समाचार एजेंसी वाम के एक बयान में, कंपनी ने इस रणनीतिक जलमार्ग में नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा नौवहन की स्वतंत्रता और समुद्री सुरक्षा बनाये रखने पर बल दिया। कंपनी ने हमले के बारे में विस्तृत ब्यौरा नहीं दिया और न ही इसके लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान उजागर की। किसी भी समूह ने तुरंत इस घटना की जिम्मेदारी नहीं ली है।

उल्लेखनीय है कि फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी और हिंद महासागर से जोड़ने वाला होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग है। इस मार्ग में किसी भी प्रकार का व्यवधान या सुरक्षा खतरा क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय ऊर्जा बाजारों को प्रभावित कर सकता है।यूएई के विदेश मंत्रालय ने इन हमलों के लिए सीधे तौर पर ईरान को जिम्मेदार ठहराया और इसे नौवहन की स्वतंत्रता को नियंत्रित करने वाले संयुक्त राष्ट्र के सिद्धांतों का घोर उल्लंघन करार दिया। मंत्रालय ने कहा, वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाना क्षेत्र की स्थिरता, यहां के लोगों और वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा के लिए सीधा खतरा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित