ृलंदन , सितंबर 13 -- होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे एक जहाज पर हुए अज्ञात हवाई हमले के बाद उसमें आग लग गयी। ब्रिटेन के समुद्री व्यापार संचालन संगठन (यूकेएमटीओ) ने रविवार को यह जानकारी दी।
यूकेएमटीओ ने बताया कि उसे घटना की पहली सूचना शनिवार को 23:00 जीएमटी पर मिली थी, हालांकि यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि जहाज पर हमला कब हुआ। समुद्री प्राधिकरण ने शुरू में कहा था कि चालक दल की स्थिति, जहाज को हुए नुकसान की सीमा और पर्यावरण पर किसी तरह के प्रभाव की जानकारी नहीं है। रविवार को जारी अपडेट में यूकेएमटीओ ने बताया कि कथित हमले के बाद जहाज में आग लग गयी।
यूकेएमटीओ ने कहा, "स्थानीय अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद थे और चालक दल के सदस्यों को निकालने में सहायता कर रहे थे।"प्राधिकरण ने क्षेत्र से गुजरने वाले जहाजों को "सावधानी बरतने" और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने की सलाह दी है। अधिकारी घटना की जांच कर रहे हैं।
यह घटना अमेरिका-ईरान के जारी संघर्ष के बीच वाणिज्यिक जहाजों पर हुए हमलों की श्रृंखला के बीच हुई है। हाल में उत्तरी खाड़ी, ओमान की खाड़ी और इराक के तट से लगे समुद्री क्षेत्र में कई मालवाहक जहाजों को निशाना बनाया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित