तेहरान , अगस्त 02 -- ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के संबंध में किसी भी समझौते से इनकार किया है। इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) से संबद्ध समाचार एजेंसी फार्स ने रविवार को परमाणु वार्ता से जुड़े एक सूत्र के हवाले से यह जानकारी दी।

सूत्र ने कहा कि जब तक अमेरिका की 'शत्रुतापूर्ण गतिविधियां' जारी रहेंगी, तब तक होर्मुज जलडमरूमध्य बंद रहेगा। उसने कहा कि जहाजों को केवल आईआरजीसी नौसेना की अनुमति से निर्धारित मार्ग से ही गुजरने की इजाजत दी जाएगी।

यह बयान ऐसे समय आया है, जब इजरायल के चैनल-12 ने दावा किया था कि ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिका और कतर द्वारा प्रस्तावित एक समझौते को स्वीकार कर लिया है। इस प्रस्ताव के तहत जहाज फारस की खाड़ी में ईरान के क्षेत्रीय जलक्षेत्र से प्रवेश करेंगे और ओमान के जलक्षेत्र के रास्ते बाहर निकलेंगे।

चैनल-12 ने दो राजनयिक सूत्रों के हवाले से कहा कि ओमान ने भी इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है, हालांकि उसने यह स्पष्ट करने को कहा है कि श्री अराघची की सहमति को आईआरजीसी का भी समर्थन प्राप्त है या नहीं।

रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया कि इस कथित सहमति के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर प्रस्तावित सैन्य हमलों को रद्द करने का फैसला किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित