तेहरान , अप्रैल 30 -- ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला सैयद मोजतबा खामेनेई ने राष्ट्रीय फारस की खाड़ी दिवस पर होर्मुज जलडमरूमध्य के लिये 'नये अध्याय' की घोषणा करते हुए कहा कि ईरान रणनीतिक जलमार्ग के प्रबंधन के लिए नये नियम लागू करेगा। यह घोषणा हालिया अमेरिकी और इज़रायली कार्रवाइयों की पृष्ठभूमि में की गयी।
श्री खामेनेई ने अपने संबोधन में कहा कि ईरान पर्शियन गल्फ क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने और बाहरी शक्तियों के 'दुरुपयोग' को समाप्त करने के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य पर व्यावहारिक नियंत्रण क्षमता बढ़ाएगा।
उन्होंने कहा, " ईरान फारस की खाड़ी की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा और होर्मुज के प्रबंधन की वास्तविक क्षमताके जरिए दुश्मनों के दखल को समाप्त करेगा।"श्री खामेनेई ने फारस की खाड़ी को क्षेत्रीय पहचान, सभ्यता और वैश्विक अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण केंद्र करार देते हुए कहा कि यह केवल सांस्कृतिक जुड़ाव का माध्यम नहीं, बल्कि विश्व व्यापार के लिए भी अद्वितीय मार्ग है।उन्होंने क्षेत्र में पुर्तगाली, डच और ब्रिटिश हस्तक्षेपों का उल्लेख करते हुए ईरान के इतिहास को विदेशी प्रभाव के विरुद्ध प्रतिरोध की परंपरा बताया। उनके अनुसार ईरान ने सदियों से होर्मुज और दक्षिणी तटों की स्वतंत्रता के लिए संघर्ष किया है।
अपने संदेश में उन्होंने अमेरिकी उपस्थिति की आलोचना करते हुए कहा कि पर्शियन गल्फ का भविष्य बाहरी सैन्य प्रभाव के बिना अधिक सुरक्षित और उज्ज्वल हो सकता है।
श्री खामेनेई ने हालिया महीनों में ईरानी नौसेना और आईआरजीसी की गतिविधियों को क्षेत्रीय शक्ति प्रदर्शन का उदाहरण बताते हुए कहा कि पिछले 60 दिनों में क्षेत्रीय देशों ने ईरान की समुद्री सतर्कता और तैयारी को प्रत्यक्ष रूप से देखा है।
उन्होंने इसे 'विदेशी प्रभुत्व के विरुद्ध नये युग की शुरुआत' बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित