वाशिंगटन , अप्रैल 17 -- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को ईरान के उस फैसले का स्वागत किया है, जिसमें सामरिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य को संघर्ष विराम की अवधि के दौरान सभी वाणिज्यिक जहाजों के लिए पूरी तरह खोलने की घोषणा की गई है।

श्री ट्रंप ने अपने 'ट्रुथ सोशल' प्लेटफॉर्म पर "धन्यवाद" लिखते हुए कहा कि यह जलमार्ग अब व्यापार और पूर्ण आवागमन के लिए तैयार है। हालांकि, राष्ट्रपति ने यह भी स्पष्ट किया कि ईरान के खिलाफ अमेरिकी नौसैनिक घेराबंदी तब तक पूरी तरह प्रभावी रहेगी, जब तक कि ईरान के साथ होने वाला समझौता 100 प्रतिशत पूरा नहीं हो जाता। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह प्रक्रिया जल्द पूरी होगी क्योंकि अधिकांश बिंदुओं पर पहले ही सहमति बन चुकी है।

ईरान के साथ परमाणु समझौते और लेबनान संकट पर अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए श्री ट्रंप ने कहा कि अमेरिका उन सभी परमाणु धूल को अपने कब्जे में लेगा जिन्हें बी-2 बमवर्षकों ने नष्ट किया था और इस सौदे में किसी भी तरह के धन का लेन-देन नहीं होगा। उन्होंने इस बात का खुलासा नहीं किया कि यह धूल कहां पर है और उसे कैसे कब्जे में लिया जायेगा।

उन्होंने लेबनान में शांति की घोषणा करते हुए कहा कि इजरायल अब वहां बमबारी नहीं करेगा और अमेरिका ने इस पर प्रतिबंध लगा दिया है। उन्होंने हिजबुल्लाह की स्थिति से निपटने के लिए लेबनान के साथ अलग से काम करने की बात भी कही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित