तेहरान , जुलाई 13 -- ईरान ने सोमवार को कहा कि होर्मुज़ जलडमरूमध्य में अमेरिकी हस्तक्षेप बंद होने के बाद ही इस मार्ग को खोला जाएगा।

ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के आज जारी एक बयान में यह जानकारी दी गई। मेहर समाचार एजेंसी द्वारा उद्धृत बयान में आईआरजीसी ने कहा, "जहाजों की आवाजाही के लिए होर्मुज़ जलडमरूमध्य को फिर से खोलने का एकमात्र तरीका यह है कि इस जलडमरूमध्य में हमलावर अमेरिकी सेना का दखल बंद हो और देश अपनी तटीय जलसीमा पर अपनी संप्रभुता का सम्मान करें।"आईआरजीसी ने चेतावनी दी कि जलमार्ग में अमेरिका की लगातार दखलंदाजी से वैश्विक तेल और गैस व्यापार में और रुकावटें आ सकती हैं। यह बयान आठ जुलाई से ईरान पर अमेरिकी हमलों की एक श्रृंखला के बाद आया है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने कहा कि ये हमले होर्मुज़ जलडमरूमध्य में व्यापारिक जहाज में ईरानी दखल के जवाब में किए गए थे। इसके जवाब में ईरान ने कुवैत, बहरीन और जॉर्डन में अमेरिकी ठिकानों पर हमले किए।

आईआरजीसी ने कहा कि ये जवाबी हमले दक्षिणी ईरान में ठिकानों पर अमेरिका के हालिया हवाई हमलों के बाद किए गए। ईरान ने दावा किया कि अमेरिकी हमले होर्मुज़ जलडमरूमध्य में समुद्री गतिविधियों से जुड़े तनाव के कारण हुए थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित