बैतूल , अक्टूबर 12 -- मध्यप्रदेश के बैतूल में 40 वर्षीय होमगार्ड सैनिक नितेश रघुवंशी की संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। वह मूल रूप से मुलताई क्षेत्र के चिखली कला गांव के निवासी थे और वर्तमान में बैतूल के चंद्रशेखर वार्ड में पत्नी और दो बच्चों के साथ किराए के मकान में रह रहे थे। घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।

परिजनों के अनुसार, रविवार शाम घर लौटने पर नितेश ने पत्नी को सल्फास खाने की बात बताई। पत्नी ने पहले इसे मजाक समझा, लेकिन खाना परोसने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और उल्टियां होने लगीं। इसके बाद पड़ोसियों की मदद से उन्हें संजीवनी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां सोमवार तड़के उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

नितेश के परिवार में पत्नी और नौ तथा 11 वर्ष के दो बच्चे हैं। परिजनों के अनुसार, उन्होंने पहले किसी मानसिक तनाव या परेशानी का जिक्र नहीं किया था। घटना की जानकारी मिलने पर होमगार्ड कमांडेंट इंदल उपनरे सोमवार को अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच की जा रही है और जहरीला पदार्थ खाने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित