पिथौरागढ़ , जुलाई 30 -- उत्तराखंड के पिथौरागढ़ के गंगोलीहाट में रात्रि गश्त के दौरान होमगार्ड जवानों से मारपीट और अभद्रता के आरोपी चार लोगों के खिलाफ पुलिस ने गुरुवार को मामला दर्ज किया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एक होमगार्ड जवान ने कोतवाली गंगोलीहाट में तहरीर देकर बताया कि बुधवार रात वह अन्य होमगार्ड और पीआरडी जवानों के साथ गश्त पर तैनात था। रात करीब 10:45 बजे सड़क पर घूम रहे दो व्यक्तियों को जवानों ने देर रात अनावश्यक रूप से बाहर न घूमने और घर जाने की सलाह दी।

आरोप है कि इस बात पर दोनों व्यक्तियों ने जवानों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी दौरान पास स्थित वैभव विशाल होटल के स्वामी मोहित शाह और करम सिंह भंडारी भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि चारों ने होमगार्ड जवानों के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किया, जिससे जवानों को चोटें आईं।

घटना के बाद कोतवाली गंगोलीहाट पुलिस ने मोहित शाह, करम सिंह भंडारी तथा दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे के अनुसार मामले की विवेचना की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित