मुरादाबाद, जून 15 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में सोमवार को भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन टीम) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए होमगार्ड विभाग के एक प्लाटून कमांडर को चार हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। एंटी करप्शन टीम के सूत्रों ने सोमवार को बताया कि आरोपी प्लाटून कमांडर की पहचान भोगराज सिंह के रूप में हुई है। होमगार्ड जवान दिवाकर द्वारा की गई शिकायत के आधार पर प्लाटून कमांडर भोगराज सिंह पर आरोप लगाया कि ड्यूटी लगाने और अन्य प्रशासनिक कार्यों के बदले उससे अवैध धनराशि की मांग कर रही थी। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन संगठन ने मामले की गोपनीय जांच कर आरोपों का सत्यापन किया और इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की तैयारी की। सोमवार को थाना मझोला क्षेत्र अंतर्गत मंडी समिति गेट पर जैसे ही प्लाटून कमांडर ने शिकायतकर्ता से चार हजार रुपये की रिश्वत ली, टीम द्वारा तत्परता दिखाते हुए आरोपी होमगार्ड कमांडर को रंगे हाथों पकड़ लिया।

भ्रष्टाचार निवारण संगठन टीम के सूत्रों का कहना है कि ड्यूटी आवंटन के नाम पर जवानों से अवैध वसूली की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित