बैतूल , सितंबर 17 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिला कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे के निर्देश पर जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच का अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में खाद्य एवं औषधि प्रशासन के दलों ने गुरुवार को चिचोली और आमला क्षेत्र में होटल, रेस्टोरेंट और डेयरी इकाइयों का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान चिचोली के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में दो डेयरी इकाइयों तथा दो रेस्टोरेंट और आमला में दीपाली ढाबा एवं टेस्टी बाइट रेस्टोरेंट से खाद्य पदार्थों के पांच नमूने जांच के लिए लिए गए।
चिचोली स्थित दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति और आमला की दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति के परिसरों में स्वच्छता की कमी तथा आवश्यक दस्तावेजों का संधारण नहीं पाया गया। राधा कृष्ण होटल रेस्टोरेंट और होटल डमरू वाला के रसोईघर एवं भंडार कक्ष भी अस्वच्छ मिले। कुछ कारोबारियों द्वारा आवश्यक दस्तावेजों का संधारण नहीं किया जाना भी सामने आया।
खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर संबंधित कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 32 के तहत सुधार के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। निरीक्षण दल ने खाद्य कारोबारियों को राज्य शासन द्वारा एनालॉग डेयरी उत्पादों पर लगाए गए प्रतिबंध की जानकारी भी दी। साथ ही प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने और आवश्यक दस्तावेज विधिवत संधारित करने के निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित