जालौन , जुलाई 15 -- उत्तर प्रदेश में जालौन जिले के कुठौंद थाना क्षेत्र में बुधवार को जालौन-औरैया स्टेट हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार तीन दोस्तों को पीछे से टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बाइक समेत तीनों को करीब 100 मीटर तक घसीटती चली गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज उरई रेफर किया गया है।
एसएसआई शील बंद सिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान सिरसा कलार थाना क्षेत्र के जखा गांव निवासी कुलदीप (35) पुत्र तुलाराम तथा छोटे खान उर्फ कुंदन (32) पुत्र रज्जाक उर्फ फदाली के रूप में हुई है। वहीं कमलेश उर्फ कल्लू (25) पुत्र रमेश गंभीर रूप से घायल हैं।
परिजनों के अनुसार, तीनों दोस्त बुधवार दोपहर ग्राम मदारीपुर स्थित एक होटल में भोजन करने गए थे। इसके बाद पास के पेट्रोल पंप से बाइक में पेट्रोल भरवाकर गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे हाईवे पर मुड़े, पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जालौन ले गई, जहां चिकित्सकों ने कुलदीप और छोटे खान को मृत घोषित कर दिया। कमलेश को मेडिकल कॉलेज उरई रेफर किया गया। पुलिस ने कार और बाइक कब्जे में लेकर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। फरार चालक की तलाश जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित