श्रीगंगानगर , जून 29 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर शहर के विभिन्न होटलों में नाबालिग किशोरी को जिस्मफरोशी के धंधे में धकेलने के अत्यंत संवेदनशील और चर्चित मामले में पुलिस ने सोमवार को दो और व्यक्तियों को हिरासत में लिया।

इनमें एक होटल को ठेके पर चलाने वाला व्यक्ति और दूसरा ग्राहक के रूप में किशोरी के साथ दुष्कर्म करने का आरोपी शामिल है। पुलिस ने जिन दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया है, उनकी पहचान सुधीर शर्मा और मुकेश सोनी के रूप में हुई है। सुधीर शर्मा बीरबल चौक के निकट स्थित ड्रीम होटल को किराये पर लेने वाला व्यक्ति है, जबकि मुकेश सोनी इंदिरा कॉलोनी का निवासी है जो मोहल्ले में ज्वेलरी की दुकान चलाता है।

पुलिस के अनुसार ड्रीम होटल में किशोरी को एक घंटे के लिए रखा गया था, जहां एक ग्राहक ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। मुकेश सोनी पर भी ग्राहक के रूप में किशोरी के साथ दुष्कर्म का आरोप है।

इस मामले में पहले ही 12 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस के अनुसार कुल गिरफ्तारियों का आंकड़ा 18 तक पहुंच सकता है। अभी चार-पांच गिरफ्तारियां बाकी हैं, जिनमें होटल सैफायर इन किराये पर लेने वाला व्यक्ति भी शामिल है, जो फरार है। बाकी तीन-चार आरोपी उन ग्राहकों में शामिल हैं, जिन्होंने किशोरी से दुष्कर्म किया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित