श्रीगंगानगर , सितम्बर 12 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ में वार्ड नंबर 18 स्थित पीपल चौक और बड़ोपल रोड क्षेत्र में कुछ होटल-ढाबों पर कथित रूप से अवैध शराब परोसे जाने के खिलाफ स्थानीय निवासियों का गुस्सा कल रात सड़क पर उतर आया।

वार्डवासियों ने धरना देकर प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग की और चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो रोज रात आठ से 11 बजे तक प्रदर्शन किया जाता रहेगा।

वार्डवासियों का आरोप है कि शराब ठेके के आसपास चल रहे कुछ होटल और ढाबों में सुबह करीब आठ बजे से रात 11 बजे तक लोगों को बैठाकर शराब परोसी जाती है। उनका दावा है कि इन संचालकों के पास शराब पिलाने की वैधानिक अनुमति नहीं है। पहले भी उपखंड अधिकारी (एसडीएम) और तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा जा चुका था, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित