जबलपुर , जुलाई 8 -- मध्यप्रदेश के जबलपुर में आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा और खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर निगम मजिस्ट्रेट अरुण कुमार गोयल ने बुधवार को सिविल लाइन एवं आसपास के क्षेत्रों में स्थित होटलों, डेयरी और खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान रामजी डेयरी, शंकर डेयरी, हनुमान डेयरी, मनमोहन होटल, गोपाल होटल, लकी चिकन सेंटर और बॉबी मटन शॉप सहित कई प्रतिष्ठानों की जांच की गई। कुछ स्थानों पर गंदगी और अन्य कमियां मिलने पर संचालकों को सख्त हिदायत देते हुए सुधार का अवसर दिया गया।
नगर निगम के अनुसार निरीक्षण के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में पनीर, दही, सब्जी की ग्रेवी और आटे की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाई गई। इसके अलावा परिसर में स्वच्छता संबंधी कमियां भी मिलीं। टीम ने जांच के लिए संबंधित खाद्य सामग्री के नमूने एकत्र किए।
निगम मजिस्ट्रेट श्री गोयल ने कहा कि तत्काल दंडात्मक कार्रवाई करने के बजाय दुकानदारों को सुधार का अवसर दिया गया है। जिन प्रतिष्ठानों में अत्यधिक गंदगी पाई गई, उनके संचालकों को स्वच्छता के मानकों का पालन करने की कड़ी चेतावनी दी गई है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य व्यापारियों को परेशान करना नहीं, बल्कि नागरिकों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। संबंधित प्रतिष्ठानों का शीघ्र ही पुनः निरीक्षण किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित