भिण्ड , अगस्त 24 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रविवार को भिण्ड और मिहोना क्षेत्र में होटल, ढाबों और डेयरी पर छापामार कार्रवाई की। इस दौरान सूर्या ढाबे की रसोई में गंदगी और स्वच्छता संबंधी कमियां मिलने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत नोटिस जारी किया गया, जबकि जयगुरुदेव भोजनालय में खाद्य लाइसेंस नहीं मिला। चार प्रतिष्ठानों से पनीर के नमूने जांच के लिए लिए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी किरण सेंगर के नेतृत्व में टीम ने ग्वालियर रोड स्थित सूर्या ढाबा, जयगुरुदेव भोजनालय, विरासत होटल और खाना कंपनी की रसोई का निरीक्षण किया। टीम ने खाद्य सामग्री और रसोई की व्यवस्थाओं की जांच की तथा संबंधित प्रतिष्ठानों से पनीर के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे हैं।
निरीक्षण के दौरान सूर्या ढाबे की रसोई में स्वच्छता संबंधी कमियां और अन्य अनियमितताएं मिलीं। विभाग ने इसे खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मानते हुए सुधारात्मक कार्रवाई के लिए नोटिस जारी किया। जयगुरुदेव भोजनालय में खाद्य लाइसेंस नहीं मिलने पर संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने और खाद्य कारोबार से जुड़े नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसी दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी रेखा सोनी ने मिहोना तहसील के ग्राम चांदोख स्थित उत्तम डेयरी पर कार्रवाई की। टीम ने डेयरी संचालक उत्तम शर्मा को दूध में वनस्पति और ग्लूकोज पाउडर मिलाकर मावा तैयार करते हुए पकड़ा। मौके से दूध, मावा, वनस्पति और ग्लूकोज पाउडर के नमूने जांच के लिए लिए गए।
कार्रवाई के दौरान 50 किलोग्राम मावा, 32 किलोग्राम वनस्पति और 13.8 किलोग्राम ग्लूकोज पाउडर जब्त किया गया। रजिस्ट्रीकरण प्राधिकारी रेखा सोनी ने उत्तम डेयरी का खाद्य रजिस्ट्रेशन भी निलंबित कर दिया। खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित