नयी दिल्ली , जून 12 -- होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (एचएमएसआई) ने देश में अपनी प्रीमियम मोटरसाइकिल श्रृंखला का विस्तार करते हुए 755सीसी प्लेटफॉर्म पर ई-क्लच तकनीक को शामिल करने की शुक्रवार को घोषणा की।

ई-क्लच तकनीक में बिना क्लच लिवर दबाये गियर बदला जा सकता है।

कंपनी ने साथ ही सीबी750 हॉर्नेट ई-क्लच और एक्सएल750 ट्रांसैल्प ई-क्लच को भी पेश करने की घोषणा की। इसके अलावा, होंडा गोल्ड विंग को नये रंग विकल्प में उपलब्ध कराया जा रहा है। कंपनी की प्रीमियम मोटरसाइकिल में श्रृंखला में सीबीआर1000आरआर-आर फायरबॉल एसपी भी बनी रहेगी। सीबी750 हॉर्नेट ई-क्लच की गुरुग्राम में एक्स-शोरूम कीमत 10.49 लाख रुपये होगी। यह ग्रैफाइट ब्लैक रंग में उपलब्ध होगी। एक्सएल750 ट्रांसैल्प ई-क्लच की कीमत 13.20 लाख रुपये रखी गयी है। यह रोज व्हाइट और पर्ल डीप मड ग्रे रंगों में उपलब्ध होगी। दोनों का 755सीसी का पैरेलल-ट्विन इंजन 67.5 किलोवाट पावर और 75 न्यूटन-मीटर टॉर्क उत्पन्न करता है।

गोल्ड विंग की कीमत 44.30 लाख रुपये है। इसे गन मेटल ब्लैक मेटैलिक रंग में पेश किया गया है। इसमें 1833सीसी का लिक्विड-कूल्ड इंजन है, जिसमें हॉरिजॉन्टली-ऑपोज़्ड छह-सिलेंडर हैं। इसमें 7-स्पीड डुअल क्लच ट्रांसमिशन, रिवर्स तथा वॉकिंग-स्पीड मोड, इलेक्ट्रॉनिक रूप से समायोज्य विंडस्क्रीन, वायरलेस एप्पल कारप्ले और एंड्रॉयड ऑटो, उन्नत ऑडियो सिस्टम और एयरबैग सुरक्षा प्रणाली जैसे फीचर दिये गये हैं। यह मॉडल लंबी दूरी की आरामदायक और प्रीमियम यात्रा के लिए बनाया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित