अहमदाबाद , जुलाई 10 -- भारत में होंडा समूह की सभी कंपनियों की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) इकाई होंडा इंडिया फाउंडेशन ने गुजरात पुलिस के साथ समझौता ज्ञापन के तहत राज्य से वीरमगाम में शुक्रवार को सड़क सुरक्षा उत्कृष्टता केंद्र की आधारशिला रखी।

इस केंद्र का उद्देश्य सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करना और साक्ष्य-आधारित हस्तक्षेपों के लिए एक समर्पित मंच का विकास है। इसमें प्रशिक्षण, सिमुलेशन-आधारित शिक्षण तथा दुर्घटना संबंधी आंकड़ों के विश्लेषण जैसी सुविधाओं को शामिल किया जायेगा, ताकि क्षेत्र में सुरक्षित यातायात व्यवस्था को बढ़ावा मिल सके। इसका संचालन साल 2027 तक शुरू होने की उम्मीद है।

प्रारंभिक चरण में होंडा इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से इस केंद्र में सड़क सुरक्षा शिक्षा एवं जागरुकता शाखा स्थापित की जायेगी। इसमें प्रदर्शनी क्षेत्र, सिमुलेशन-आधारित प्रशिक्षण सुविधाएं और विभिन्न शैक्षणिक उपकरण उपलब्ध होंगे। इनका उद्देश्य छात्रों, युवाओं, स्थानीय लोगों और अन्य हितधारकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है।

इसके अलावा, केंद्र में दुर्घटना अनुसंधान एवं आंकड़ा विश्लेषण इकाई भी स्थापित की जायेगी, जो सड़क दुर्घटनाओं और यातायात पैटर्न का विश्लेषण करेगी, दुर्घटना-संभावित क्षेत्रों की पहचान करेगी तथा साक्ष्य-आधारित सड़क सुरक्षा उपायों और सुरक्षा ऑडिट को समर्थन प्रदान करेगी।

आधारशिला रखने के लिए आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए होंडा इंडिया फाउंडेशन के ट्रस्टी विनय ढींगरा ने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जागरूकता, प्रशिक्षण और डेटा-आधारित समझ का समन्वय आवश्यक है। इस उत्कृष्टता केंद्र का उद्देश्य एक ऐसा व्यावहारिक मंच तैयार करना है, जो सुरक्षित सड़क व्यवहार को प्रोत्साहित करे, सड़क सुरक्षा शिक्षा को मजबूत बनाये और अधिक प्रभावी एवं जानकारी-आधारित सुरक्षा उपायों को बढ़ावा दे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित