तेहरान , मार्च 10 -- ईरान की सेना के प्रवक्ता ने मंगलवार तड़के कहा कि उनके फौजी हॉर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिकी नौसैनिक बेड़े का इंतजार कर रहे हैं और युद्ध का अंत ईरान के हाथों में है।
सरकारी मीडिया में आयी जानकारी के अनुसार इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के प्रवक्ता मेजर जनरल अली मोहम्मद नैनी ने यह टिप्पणी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक संवाददाता सम्मेलन और हॉर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा को लेकर दिए गए हालिया बयानों के जवाब में की है। श्री नैनी ने कहा कि ईरानी सशस्त्र बल हॉर्मुज जलडमरूमध्य क्षेत्र में अमेरिकी नौसैनिक बेड़े और विमान वाहक पोत जेराल्ड फोर्ड का इंतजार कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ट्रम्प ने दावे के विपरीत इस इलाके से अमेरिकी जहाज, पोत और सभी लड़ाकू विमान क्षेत्र से भाग गए हैं और वे ईरान की शक्तिशाली मिसाइलों और ड्रोन से बचने के लिए एक हजार किलोमीटर से अधिक की दूरी पर तैनात हैं।
गौरतलब है कि श्री ट्रम्प ने सोमवार को कहा था कि जलमार्ग सुरक्षित रहेगा और चेतावनी दी थी कि अगर ईरान किसी भी जहाज पर हमला करने की कोशिश करता है तो उसे बहुत बड़ी कीमत चुकानी होगी। श्री ट्रंप ने पहले यह भी कहा था कि उनका प्रशासन जलडमरूमध्य पर कब्जा करने के बारे में सोच रहा है और जरूरत पड़ने पर नौसेना टैंकरों की सुरक्षा करेगी।
श्री नैनी ने चेतावनी दी कि अगर अमेरिका और इजरायल के हमले जारी रहे तो ईरान क्षेत्र से एक लीटर तेल का निर्यात भी नहीं होने देगा।
अमेरिकी सेंट्रल कमांड के अनुसार मध्य पूर्व में दो अमेरिकी विमान वाहक स्ट्राइक समूह तैनात किए गए हैं, जिनमें यूएसएस अब्राहम लिंकन अरब सागर में और यूएसएस जेराल्ड आर फोर्ड स्वेज नहर से गुजरने के बाद लाल सागर में तैनात है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित