, April 30 -- मॉस्को, 30 अप्रैल (स्पुतनिक/वार्ता) अमेरिकी केंद्रीय कमान (सेंटकॉम) के कमांडर एडमिरल ब्रैड कूपर ने कहा है कि अमेरिकी सेना ने बुधवार को हॉर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की कोशिश कर रहे 42वें जहाज का रास्ता रोक दिया और उसे दूसरे मार्ग पर रवाना कर दिया। उन्होंने आगे कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका इस समुद्री मार्ग की घेराबंदी जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

'एक्स' पर सेंटकॉम की ओर से पोस्ट बयान के अनुसार, एडमिरल कूपर ने कहा, "आज, अमेरिकी सेना ने घेराबंदी का उल्लंघन करने की कोशिश कर रहे 42वें वाणिज्यिक जहाज का सफलतापूर्वक मार्ग बदलकर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है... यह घेराबंदी अत्यंत प्रभावी है और अमेरिकी सेना इसे पूर्ण रूप से लागू करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।"अमेरिकी नौसेना ने 13 अप्रैल को हॉर्मुज जलडमरूमध्य के दोनों किनारों पर ईरानी बंदरगाहों में प्रवेश करने और वहां से निकलने वाले सभी समुद्री यातायात की घेराबंदी शुरू कर दी थी। इस मार्ग से दुनिया के तेल, पेट्रोलियम उत्पादों और तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एल.एन.जी.) की लगभग 20 प्रतिशत आपूर्ति होती है। अमेरिका का तर्क है कि गैर-ईरानी जहाज हॉर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने के लिए स्वतंत्र हैं, जब तक कि वे तेहरान को किसी प्रकार का शुल्क नहीं देते। ईरानी अधिकारियों ने अभी तक शुल्क लगाने की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन ऐसी योजनाओं पर चर्चा की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित