लंदन , अगस्त 01 -- हॉर्मुज जलडमरूमध्य के मुहाने पर ओमान तट के पास एक तेल टैंकर पर हमला होने की जानकारी यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशन्स (यूकेएमटीओ) ने दी है।

रॉयल नेवी समर्थित समुद्री निगरानी संस्था ने बताया कि जहाज पर एक 'अज्ञात प्रक्षेपास्त्र' से हमला किया गया है, जिससे उसके इंजन रूम को नुकसान पहुंचा है। ओमान के लीमा से लगभग 20 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में इस रणनीतिक जलमार्ग के दक्षिणी छोर पर स्थित इस टैंकर की पहचान उजागर नहीं की गयी है।

घटना के बाद जहाज नियंत्रण से बाहर हो गया, हालांकि किसी के हताहत होने की रिपोर्ट नहीं है। यूकेएमटीओ ने यह स्पष्ट नहीं किया कि इस हमले के लिए कौन जिम्मेदार था।शनिवार को जारी एक अलग एडवायजरी में यूकेएमटीओ ने कहा कि हॉर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे एक अन्य टैंकर के कप्तान ने ओमान तट के पास पानी में जोर की हलचल होने और धमाका देखने की बात कही है। जहाज और उस पर मौजूद क्रू पूरी तरह सुरक्षित हैं। इस टैंकर की भी पहचान नहीं बतायी गयी है।

यह अभी स्पष्ट नहीं है कि दोनों घटनाएं एक-दूसरे से जुड़ी थीं या नहीं। ये घटनाएं ऐसे समय में हुई हैं, जब ईरान ने हॉर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही पर प्रतिबंध कड़े करने के संकेत दिये हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित