बैतूल , जनवरी 20 -- भारतीय हॉकी संघ के शताब्दी वर्ष में मध्यप्रदेश के बैतूल जिले को खेल क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि मिली है। बैतूल विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के प्रयासों से मेजर ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय स्तर का सिंथेटिक ब्लू एस्ट्रोटर्फ लगाए जाने के लिए 6 करोड़ 97 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।

मध्यप्रदेश शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह राशि स्टेडियम अधोसंरचना मद के अंतर्गत स्वीकृत की गई है। वर्ष 2010-11 में स्थापित एस्ट्रोटर्फ की निर्धारित अवधि पूरी हो जाने और उसके क्षतिग्रस्त होने के कारण खिलाड़ियों को अभ्यास में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

वरिष्ठ खिलाड़ियों की मांग को ध्यान में रखते हुए विधायक हेमंत खंडेलवाल ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं खेल मंत्री विश्वास सारंग से इस संबंध में आग्रह किया था, जिस पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए राशि स्वीकृत की गई।

नया सिंथेटिक ब्लू एस्ट्रोटर्फ लगने से बैतूल में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की हॉकी प्रतियोगिताओं के आयोजन का मार्ग प्रशस्त होगा। उल्लेखनीय है कि अब तक इस स्टेडियम में अभ्यास कर चुके 150 से अधिक खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर तथा तीन खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चयनित हो चुके हैं। नई सुविधा से जिले की उभरती खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण और अवसर मिल सकेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित